उन्नाव। अस्पताल में बच्ची की मौत पर हंगामा होने का समाचार है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाया है। मामला मेडिसिटी हॉस्पिटल से जुड़ा है। यहां बच्ची का प्रारंभिक उपचार चल रहा था।

यह है मामला

मानपुर सिकंदरपुर कर्ण निवासी 4 वर्षीय आराध्य विश्वकर्मा को मेडिसिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे कानपुर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। कानपुर में उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। बेटी के निधन की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे।

वे वापस उन्नाव आकर मेडिसिटी हॉस्पिटल के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगाया। इससे बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसकी जान चली गई। उनका कहना है कि समय पर सही इलाज मिलता तो बच्ची को बचाया जा सकता था।

हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को शांत कर उनकी शिकायत सुनी। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।