आगरा (उप्र)। शिविर में मासूमों को एक्सपायरी दवाएं बांटने पर हंगामा हो गया। शमसाबाद क्षेत्र के नगला बीच स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मई में एक्सपायर हुई दवाएं बांट दी गईं। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने स्कूल में हंगामा किया। यह शिविर यूएनएम फाउंडेशन की ओर से लगाया गया था। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दवा बांटने वाली यूएनएम फाउंडेशन टीम के सदस्यों को हिरासत में ले लिया। ड्रग विभाग को मामले की जानकारी दी है।
यह है मामला
स्कूल में बच्चों के पेट के कीड़े मारने की दवा (एल्बेंडाजोल/जॉइंट) के वितरण के लिए शिविर लगाया था। गांव के सौरभ ने बताया कि दवा की शीशी पर एक्सपायरी डेट मई 2026 दर्ज थी। यह अब समाप्त हो चुकी है। सौरभ ने इसकी जानकारी पूरे गांव को दी। देखते ही देखते ग्रामीण अपनी-अपनी दवाइयों की शीशियां लेकर स्कूल की तरफ दौड़े। हालांकि, तब तक टीम के सदस्य वहां से जा चुके थे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने फोन कर टीम को दोबारा गांव में बुलाया और एक्सपायरी दवा बांटने पर खरीखोटी सुनाई। जब टीम के सदस्य कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए, तो ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही शमसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यूएनएम फाउंडेशन की टीम के सदस्यों को हिरासत में ले लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह टीम एक दिन पहले भी गांव में आई थी। बच्चों के नाम नोट कर उन्हें दवा लेने के लिए पर्ची दे गई थी। औषधि निरीक्षक नवनीत कुमार ने बताया कि उन्होंने दवा के सैंपल लिए हैं। बाकी दवाएं सील करके ले जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










