मऊ (उप्र)। थोक दवा दुकानों और गोदामों पर छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। कई संदिग्ध दवाओं के सैंपल सील किए गए हैं। जनपद में अवैध और अनियमित दवा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह है मामला

औषधि प्रशासन विभाग जिले में थोक दवा दुकानों और गोदामों का औचक निरीक्षण कर रहा है। इसी क्रम में मेसर्स एस.डी. मेडिसिन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फर्म स्वामी मौके पर मौजूद थे। दुकान से संबंधित कई महत्वपूर्ण और अनिवार्य दस्तावेज नहीं मिले। मौके से तीन संदिग्ध औषधियों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। एस.डी. मेडिसिन सेंटर के संचालक को एक सप्ताह में सभी प्रमाणित दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया है।

ऐसा न करने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। इस मामले की रिपोर्ट औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी, आजमगढ़ मंडल को भेज दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिले में यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।