आगरा (उप्र)। सैंपल दवाओं की कालाबाजारी मामले में गोदाम की जांच की गई। औषधि विभाग ने फव्वारा स्थित सील गोदाम की जांच की है। इसमें सैंपल की दवाएं नहीं मिलीं। गोदाम में चार दवाएं संदिग्ध मिली हैं। इनके सैंपल लेकर लैब में जांच कराने के लिए भेजे हैं।

सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने यह जानकारी दी। बताया कि छापे में फव्वारा स्थित माहेश्वरी कॉम्पलेक्स में लावारिस हाल में छह कार्टन जब्त किए थे। इनमें 55 तरह की दवाएं मिली थीं। इसमें 54 तरह की दवाएं सैंपल की थीं। छापे के वक्त दो गोदाम बंद कर स्वामी भाग गए थे। इन पर सील लगाकर नोटिस चस्पा कर दिया था।

इनमें से एक गोदाम के स्वामी रिचा की मौजूदगी में जांच करने पर सैंपल की दवाएं नहीं मिली हैं। जांच के दौरान चार दवाएं संदिग्ध मिलीं। इसके नमूने लेकर लैब में भेज दिए हैं। दूसरे गोदाम की अभी सील लगी हुई है। इसका संचालक बीमार बताया गया है।