हिसार (हरियाणा)। गर्भपात की दवा लेने वाली युवती गिरफ्तार कर ली गई है। ऋषि नगर में झाडिय़ों में भ्रूण फेंकने के मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार किया था। साथ ही गर्भपात की गोलियां देने वाली क्लीनिक संचालक महिला को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने आठ जुलाई को केस दर्ज किया था।

जांच में सामने आया कि अनिल निवासी गांव नियाणा और युवती में प्रेम संबंध थे। युवती के गर्भवती होने पर गर्भपात के बाद भ्रूण को ऋषि नगर क्षेत्र में झाडिय़ों में छोड़ दिया। पता चला कि युवती ने गर्भपात के लिए एक महिला से दवाई ली थी। पुलिस ने दवाई उपलब्ध कराने वाली महिला गीता को गोहाना से गिरफ्तार किया था। उक्त महिला की तरफ से कृष्णा क्लीनिक के नाम से बड़ौदा रोड, गोहाना पर क्लीनिक चलाया जा रहा था। आरोपित महिला को अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।