हुगली (कोलकाता)। विटामिन की दवा में कीड़ा मिलने का मामला प्रकाश में आया है। इससे इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। तारकेश्वर में नवजात शिशुओं को दी जाने वाली विटामिन की दवा में मकड़ी जैसा कीड़ा मिला है। चिकित्सकों के अनुसार जन्म के बाद शिशुओं को यह विटामिन दिया जाता है। ऐसे में दवा में कीड़ा मिलने से अभिभावकों के साथ चिकित्सा जगत की चिंता बढ़ा दी है।

तारकेश्वर के बसाक दंपति इस घटना के बाद बुरी तरह घबरा गये। पायल बसाक ने बताया कि सीलबंद बोतल के भीतर उन्हें मकड़ी जैसा कीड़ा दिखाई दिया। अशोक बसाक ने अपने दो महीने के बच्चे के लिए स्थानीय फार्मेसी से दवा खरीदी थी। बायोजेन लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ‘Vit D3 Tone’ यह दवा शिशु रोग विशेषज्ञ की सलाह पर ली थी।

घर लाने के बाद अशोक बसाक ने दवा अपनी पत्नी को दी। बच्चे को दवा पिलाने से पहले उन्होंने शीशी के अंदर संदिग्ध वस्तु देखी। उन्होंने बिना सील खोले ही शीशी अपने पति को लौटा दी। अशोक बसाक ने संबंधित फार्मेसी को इसकी जानकारी दी। तारकेश्वर ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारी से भी शिकायत दर्ज कराई।

फार्मेसी के मालिक चिरंजीत दास ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर को दी गयी है। ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शेख हनीफ ने कहा कि संबंधित विटामिन दवा की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया जायेगा। दवा को जांच के लिए उच्च अधिकारियों के पास भेजा जायेगा। जिला स्वास्थ्य विभाग से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।