नई दिल्ली। स्टेंट के बाद अब घुटना प्रत्यारोपण के दाम भी तय किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि दिल के मरीजों के इलाज में काम आने वाले स्टेंट की कीमतों में केंद्र सरकार ने भारी कमी की थी। इसी कड़ी में सरकार घुटना प्रत्यारोपण के दाम भी कम करने पर विचार कर रही है। इससे घुटना प्रत्यारोपण के मरीजों को राहत मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि कई विदेशी निर्माता कंपनियां स्टेंट की कीमत घटाने के विरोध में हैं। इन्होंने कोर्ट का सहारा लिया है और स्टेंट की सप्लाई रोकने पर भी आमादा हैं। अगर इन्होंने सप्लाई रोकी तो स्टेंट अन्य देशों से मंगाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्टेंट की कीमत कम होने पर कई अस्पतालों द्वारा अन्य शुल्क ज्यादा लेने की बात कही जा रही है। ये अस्पताल दिल के ऑपरेशन की लागत पहले जितनी ही वसूलना चाहते हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।