वॉशिंगटन। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्लूएचओ) पर चीन की तरफदारी करने का आरोप लगाते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फंडिंग रोकने का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि डब्लूएचओ ने चीन में फैले कोविड-19 की गंभीरता को छिपाया और बाद में यह पूरी दुनिया में फैल गया। ट्रंप ने कहा कि वह अपने प्रशासन को फंडिंग रोकने का आदेश दे रहे हैं। दरअसल, अमेरिका में लगातार हो रही मौतों को न रोक पाने के कारण ट्रंप की भी आलोचना हो रही है। ट्रंप के अनुसार, डब्लूएचओ ने इस महामारी को लेकर पारदर्शिता नहीं रखी और यूएन की इस संस्था को सबसे ज्यादा फंड देने वाला अमेरिका अब इस पर विचार करेगा कि उस पैसे का क्या किया जाए, जो संगठन को जाता है। अमेरिका ने पिछले साल विश्व स्वास्थ्य संगठन को 400 मिलियन डॉलर दिए थे। हाल में डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस अदहानोम गेब्रेयेसस ने कहा था कि कोविड-19 के मामले में राजनीतिक रंग देने से केवल मौत के आंकड़े ही बढ़ेंगे। ट्रंप ने कहा कि डब्लूएचओ कोरोना के प्रकोप में अपनी बेसिक ड्यूटी पूरी करने में नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन में जब यह वायरस फैला तो यूएन संस्था ने उसे छिपाने का प्रयास किया और इसके लिए उसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। इससे पहले भी ट्रंप ने डब्लूएचओ पर चीन का पक्ष लेने का आरोप लगाया था।