पानीपत। हरियाणा में कोरोनावायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमित मरीजों की संख्या 18 पहुंच गई है। बुधवार को फरीदाबाद और पानीपत में नए मरीज आए हैं। पानीपत की मरीज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में बतौर नर्स नियुक्त थी। उसे अब पानीपत के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। पानीपत में अब मरीजों की संख्या तीन हो गई है। संक्रमित नर्स पानीपत की ईदगाह कॉलोनी की रहने वाली है। वह मेदांता में काम करती थी। 19 मार्च को गुरुग्राम से पानीपत आई थी। यहां आने के बाद उसकी तबियत बिगड़ गई। इसके बाद 22 मार्च को वह पानीपत के सिविल अस्पताल में कोरोना का सैंपल देने गई थी। उसी दिन उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया था। मंगलवार देर रात उसकी रिपोर्ट आई है, जिसमें उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टर उस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मंगलवार को गुरुग्राम में दो मरीज सामने आए थे। अब गुरुग्राम में कुल मरीजों की संख्या 10 हो गई है। इसके अलावा पानीपत में तीन, फरीदाबाद में एक, सोनीपत में एक, पलवल में एक और पंचकूला में एक मरीज मिला था। प्रदेश में अब तक 405 लोगों के लिए गए सैंपलों में 326 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 62 की रिपोर्ट का इंतजार है। उधर, पुलिस को ब्राजील, इजराइल, जर्मनी और भूटान के कई नागरिकों को बाहर भेजने के आदेश दे दिए गए हैं। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि कारोना वायरस इम्पोर्टेड वायरस है। यह भारत में पैदा नहीं होता। इससे बचने के लिए इसके वाहक जो विदेशों से लौटे हैं उनसे बचना जरूरी है। सरकार ने उन्हें कोरांटीन किया है। यदि वह इसका पालन नहीं कर रहे तो पुलिस को इसकी जानकारी दें।