पटना (बिहार)। पटना मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से अब तक 12 मरीजों की मौत हो चुकी है। ये मौतें पिछले 24 घंटों के दौरान हुई हैं। बताया जा रहा है कि खगौल के रहने वाले एक मरीज के परिजनों ने शिशु वार्ड में एक डॉक्टर की पिटाई कर दी थी। इसमें डॉक्टर दीनानाथ घायल हो गए। इस घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी। वार्ड में जूनियर डॉक्टर मौजूद नहीं हैं। इससे अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। डॉक्टरों की हड़ताल के कुछ ही देर बाद एक बच्चे ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया था। हड़ताल के चलते अस्पताल के हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। अस्पताल में किसी भी नए मरीज की भर्ती नहीं की जा रही है। जूनियर डॉक्टरों की मांग है कि जब तक आरोपी परिजनोंं की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वह अपनी हड़ताल खत्म नहीं करेंगे।