नई दिल्ली। शारीरिक वृद्धि वाली दवा की तस्करी के मामले में एक रूसी महिला को दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के अनुसार आरोपी महिला को हांगकांग से आने के बाद रोका गया था। तलाशी में उसके पास से जिपट्रोपीन दवा मिली। इसकी कीमत 32.16 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी रूसी महिला का पति भारतीय है। ये दोनों लोग हरियाणा में जिम की चेन चलाते हैं। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला की गिरफ्तारी के साथ-साथ उसके पति को भी हवाई अड्डे के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया, जो वहां उसका इंतजार कर रहा था। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि यह दवा दंपती के अपने जिम के सदस्यों में इसकी अवैध बिक्री करने के लिए तस्करी कर भारत लाई गई थी।