पटना : बिहार में डेंगू अब तेजी से पांव पसार रहा है, जिससे लोग अब डरने लगे हैं। राजधानी पटना की हालत सबसे खराब है, जहां डेंगू पीड़ितों की संख्या ने पिछला सारा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

पटना में डेंगू के कुल 436 मरीज मिले जो, अबतक एक दिन में मिले पीड़ितों की संख्या में सर्वाधिक है। राज्य में डेंगू मरीजों की संख्या 6500 से पार कर गई है।

सरकारी आंकड़े के अनुसार पटना में कुल पीड़ितों की संख्या गुरुवार को 4129 हो गई है। राज्य के कई सरकारी अस्पतालों डेंगू वार्ड में बेड की कमी भी पड़नी शुरू हो गयी है।

इस बीच, चार सदस्यीय केंद्रीय टीम बिहार में डेंगू की स्थिति का जायजा लेने पहुंची। टीम अब तक राजगीर और बिहारशरीफ के कुछ इलाकों का दौरा किया, जहां बड़ी संख्या में डेंगू के मामले देखे गए थे।

उन्होंने बिहार शरीफ के जिला अस्पताल का भी दौरा किया और अधिक परीक्षणों की आवश्यकता पर जोर दिया।