विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि दुनियाभर में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस महामारी से 343 मौते हुयी और इससे संक्रमित लोगों के कम से कम 11००० नये मामले दर्ज किए हैं। इसी के साथ इस महामारी से मरने वालों लोगों की संख्या बढ़कर 5375 हो गई है।
डब्ल्यूएचओ ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान चीन के बाहर 72469 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। दुनियाभर में यह आंकड़ा 153517 रहा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दिसंबर से चीन के हुबेई प्रांत से शुरु हुयी इस महामारी ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। डब्ल्यूएचओ इसे महामारी घोषित कर चुका है।
ये हैं कोरोना वायरस के लक्षण-
कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति को बुखार, थकान, सूखी खांसी, मांसपेशियों में दर्द, सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखते हैं। संक्रमण होने पर व्यक्ति को पहले बुखार आता है, फिर सूखी खांसी होती है। सप्ताह भर बाद सांस लेने में दिक्कत होने लगती है और मरीज को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता है।
कुछ मामलों में कोरोना वायरस घातक भी हो सकता है। कोरोना वायरस किसी भी उम्र के व्यक्ति को शिकार बना सकता है। लेकिन अधिक उम्र के लोग और जिन्हें पहले से अस्थमा, डायबिटीज व हार्ट की बीमारी है, वे इसकी चपेट में जल्दी आ सकते हैं। इसलिए सभी उम्र के व्यक्तियों को इस वायरस से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
वायरस फैलने से ऐसे रोकें-
-हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें।
-छींकते और खांसते समय डिस्पोजेबल टिशू का यूज करें। यही नहीं इस इस्तेमाल किए गए टिशू को फेंकें और फिर इसके बाद हाथ जरूर धोएं।
-हाथ धोए बिना आंखों, नाक और मुंह को न छूएं।
-बीमार के संपर्क में आने से बचें।










