कोलकाता: बीएसएफ के जवानों ने दो लाख रूपये के प्रतिबंधित कफ सिरप का खेप जब्त किया है. जवानों ने नदिया जिले के अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर तस्करी करने के लिए लाए गए दो लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित फेंसिडिल कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है.
बीएसएफ की ओर से जारी बयान में बताया गया तस्कर फेंसिडिल बोतलों को अवैध तरीके से सीमा पार कराकर बांग्लादेश में ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जहां लोग इस कफ सिरप का नशे के तौर पर इस्तेमाल करते हैं.
बीएसएफ के जवानों को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा से फेंसिडिल की बड़ी खेफ़ पार करने की फिराक में है. गश्त के दौरान रात लगभग 10 बजे ड्यूटी पर तैनात जवानों को कुछ गतिविधि की हरकत लगी. इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया.
जवानों को अपनी तरफ़ आता देख तस्कर केले बागान और घनी झाड़ियों का सहारा लेकर भाग निकले. इलाके की अच्छी तरह छानबीन करने पर 525 बोतल फेंसिडिल ज़ब्त की गई.