सीकर (राजस्थान)। पुलिस ने सीकर में एक प्राइवेट अस्पताल से फर्जी डॉक्टर को पकड़ा है। मानसिंह बघेल (44) नामक यह व्यक्ति कृष्ण कन्हैया केयर अस्पताल में हर महीने एक लाख रुपए का वेतन भी ले रहा था। एक मरीज की हालत बिगडऩे के बाद अस्पताल प्रशासन की जांच में उसका भांडा फूट गया।
जानकारी अनुसार मात्र 12वीं पास मानसिंह पांच महीने से सीकर में तैनात था। इससे पहले उसने 9 साल तक आगरा में क्लीनिक चलाया। आरोपी के अनुसार पांच साल पहले मथुरा जाते समय उसे ट्रेन में डॉक्टर मनोज कुमार की डिग्री पड़ी मिली थी। उसी के आधार पर आरोपी ने अपने बाकी फर्जी पहचान पत्र भी तैयार कर लिए थे। सीकर के अस्पताल में वह मरीजों को एक जैसी दवा ही देता था। वह इलाज के लिए घरेलू नुस्खे ज्यादा आजमाने की बात करता था। जून के दूसरे हफ्ते में एक महिला दिल की बीमारी का इलाज कराने आई। इस फर्जी डॉक्टर ने महिला को ड्रिप चढ़ा दिया। हालत बिगडऩे पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने जब उसके वोटर कार्ड की जांच की, तो उसमें दूसरी पहचान मिली। मानसिंह मूल आगरा का रहने वाला है। वह सभी मरीजों को पैरासीटामोल जैसी सामान्य दवाएं लिखता था और गंभीर मरीजों को अन्य अस्पताल रेफर कर देता था।