रांची (झारखंड)। दवा की पर्ची में कंडोम लिखने के मामले में आरोपी डॉ. अशरफ बदर को बर्खास्त कर दिया गया है। बता दें कि विधायक कुणाल सारंगी ने सदन में डॉक्टर की गंभीर लापरवाही का मामला उठाया था।
जानकारी अनुसार कुछ दिनों पहले डॉ. अशरफ बदर के पास एक महिला पेटदर्द की शिकायत लेकर आई थी। उसने डॉक्टर से पेट में गैस होने की वजह से दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद डॉक्टर ने पर्ची लिख दी। जब महिला दवा लेने मेडिकल स्टोर पर पहुंची तो उसे पता चला कि पर्ची में कंडोम लिखा हुआ है। घटना के बाद उस महिला कर्मचारी ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की। बता दें कि महिला भी अस्पताल की चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी है। इस घटना के बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने भी महिला का साथ देते हुए विरोध किया और डॉक्टर को नौकरी से निकालने की मांग की। ये मामला प्रकाश में आने पर काफी हंगामा मचा। बहरागोडा विधायक कुणाल सारंगी ने इस मामले को विधानसभा में भी पुरजोर तरीके से उठाया। आखिरकार सरकार ने डॉ. अशरफ बदर को बर्खास्त कर दिया।