नई दिल्ली। रेजीडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल समाप्त हो गई है। शुक्रवार से अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं शुरू हो गई है।
बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई रेप व मर्डर की घटना के विरोध में देशभर के रेजीडेंट डॉक्टर्स हड़ताल पर थे। अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हड़ताल को वापस ले लिया गया है।

इसी क्रम में दिल्ली के एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, जीटीबी हॉस्पिटल सहित सभी अस्पतालों के आरडीए ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का सम्मान करते हुए हड़ताल वापस ल ली है।

डॉक्टर संगठनों ने हड़ताल और उनके प्रदर्शन को समर्थन करने के लिए लोगों का आभार जताया है और हड़ताल वापस लेने संबंधी अपना प्रेस वक्तव्य जारी कर दिया है। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फाइमा), एक्शन कमेटी फॉर सेंट्रल प्रोडक्शन एक्ट, फेडरेशन ऑफ़ आल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (फोर्डा) और यूनाइटेड डॉक्टर फ्रंट एसोसिएशन (यूडीएफए) सहित दिल्ली के सभी डॉक्टर संगठनों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की है। इसके चलते शुक्रवार से पहले की तरह ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि पिछले 11 दिनों से चल रही हड़ताल के कारण दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में आने वाले हजारों मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें ओपीडी में इलाज नहीं मिल पा रहा था। हालांकि, अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चालू थी, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं भी पूरी क्षमता के साथ काम नहीं कर रही थी। इससे मरीजों को परेशानी हो रही थी।