नई दिल्ली. अमेरिका में भारतीय मूल के डॉक्टर को हेल्थकेयर फ्रॉड करने की स्कीम में शामिल होने और अवैध रूप से गैर-जरूरी दवाएं प्रिस्क्राइब करने के आरोप में दो साल जेल की सजा मिली है और लाखों डॉलर्स का जुर्माना और मुआवजा देने को कहा गया है। डॉक्टर ने अपने मरीजों को हजारों की संख्या में ओपियोइड पैनकिलर्स और मसल रिलैक्सर्ज प्रिसक्राइब किए।
कैलिफॉर्निया में डॉक्टर कैन कुमार को अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज ने दो साल की सजा सुनाई और मुआवजे के तौर पर 5.09 लाख डॉलर (3.65 करोड़ रुपए), 4.94 लाख डॉलर (3.55 करोड़ रुपए) की संपत्ति जब्त किए जाने और 72,000 डॉलर (51.6 लाख रुपए) का जुर्माना लगाया। सजा खत्म होने के तीन साल बाद तक उनको निगरानी में रखा जाएगा। कुमार ने अप्रैल, 2019 में खुद को दोषी स्वीकार किया था।
कुमार ने बताया कि फरवरी, 2011 से मई, 2016 के बीच उन्होंने मेडीकेयर हेल्थ केयर बेनिफिट प्रोग्राम में फ्रॉड किया। उन्होंने अवैध धन कमाने के लिए कैलीफॉर्निया स्थित होम हेल्थ एजेंसी को गैर-जरूरी होम हेल्थ सर्विसेज प्रिस्क्राइब कीं। कुमार ने यह भी स्वीकारा कि उन्होंने जिन मरीजों को देखा भी नहीं या जिन्हें बस एक बार ही देखा उनके नाम पर भी मेडीकेयर से फर्जी रिइंबर्समेंस मांगे।
source – money bhaksar