जगदलपुर, बस्तर (छतीसगढ़)। नशीली दवा की अवैध बिक्री करते 2 युवक गिरफ्तार किए हैं। जगदलपुर कोतवाली पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों दलपत सागर के रानी घाट के पास बिना नंबर की स्कॉर्पियो में बैठकर नशीले कैप्सूल बेच रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 216 नशीली कैप्सूल, एक चाकू और स्कॉर्पियो जब्त की है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत 12 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
यह है मामला
पुलिस को सूचना मिली कि रानी घाट के पास एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो में दो युवक नशीली दवा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
ट्रामाडोल वाली 216 कैप्सूल मिलीं
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनीष प्रकाश सावल (33) और सुमित पांडेय (29) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान Dicyclomine HCl, Tramadol HCl और Acetaminophen वाली Pyeevon Spas Plus कैप्सूल की 27 स्ट्रीप मिलीं।
इनमें कुल 216 कैप्सूल थीं। इसके अलावा एक चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने कैप्सूल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया।





