सहरसा (बिहार)। प्रतिबंधित कफ सिरप की कार से तस्करी का मामला पकड़ा गया है। आरोपी 4 तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है।

यह है मामला

थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी की जा रही है। बेगूसराय से परसाहा होते हुए कार से सोनवर्षाराज की ओर नशा भेजा गया है। सूचना के तहत पुलिस ने परसाहा मेन रोड के समीप कार को रोककर जांच की।

जांच के दौरान वाहन से 1073 पीस कफ सिरप बरामद किया गया। साथ ही चार मोबाइल फोन और कार को जब्त किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मनीष कुमार, अजय कुमार, पिंटू कुमार एवं हरिबोल के रूप में हुई है। गिरफ्तार सभी तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।