नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने मणिपुर के एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि इसने पिछले तीन साल में दिल्ली में 120 किलो हेरोइन पहुंचाई है। इसकी कीमत करीब 500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी तैबाली अंतरराष्ट्रीय तस्करों के गैंग का सदस्य है।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के तार देश के बाहर म्यांमार से लेकर अफगानिस्तान और पाकिस्तान तक फैले हैं। गिरोह के लोग हेरोइन म्यांमार से मणिपुर पहुंचाते थे। वहां से तैबाली उसे लेकर आसाम और वहां से दिल्ली आ जाता था। दिल्ली के बाद वह पंजाब भी ड्रग्स लेकर जाता था। पिछले कई महीनों से दिल्ली पुलिस ने तैबाली पर नजर बनाई हुई थी। इस बार जब तैबाली जब मणिपुर 6 किलो उम्दा किस्म की हेरोइन लेकर दिल्ली के लिए निकला तभी से पुलिस को इसके हर मूवमेंट की जानकारी थी।
आसाम होते हुए वह दिल्ली पहुंचा। यहां उसे इंद्रप्रस्थ पार्क के पास दो लोगों को हेरोइन देनी थी। दिल्ली पुलिस की टीम पहले से ही वहां मौजूद थी। तैबाली के पहुंचते ही पुलिस ने उसे दो लोगों के साथ दबोच लिया। पकड़ में आए बाकी दो तस्करों के नाम इस्लामुद्दीन और सईदूर्रहमान हैं। ये दोनों दिल्ली के रिसीवर हैं। ये यहां से हेरोइन पंजाब भी भेजते हैं।