जयपुर (राजस्थान)। खांसी, बुखार, दर्द व अन्य बीमारियों की 8 दवाइयां जांच में फेल मिली हैं। औषधि नियंत्रण विभाग की जांच में बाजार में धड़ल्ले से बिक रही नामी दवाओं के सैंपल फेल मिले हैं। विभाग ने इन दवाओं के संबंधित बैचों की बिक्री रोक दी है। इनकी कंपनियों को बाजार से स्टॉक वापस लेने के सख्त निर्देश दिए हैं।

दवा नियंत्रण विभाग ने प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान चलाया था। इस दौरान दुकानों और स्टॉकर्स से दवाओं के रैंडम सैंपल लिए थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन दवाओं को नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी घोषित कर दिया। विभाग ने इन दवाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।

प्रसिद्ध दवा इबुप्रोफेन व पैरासिटामोल (इबुकोम) के सैंपल में गंभीर खामियां मिलीं। वहीं, पैरासिटामोल 650 एमजी की टेबलेट डिसॉल्यूशन टेस्ट में फेल हो गई। यह दवा शरीर में जाने के बाद सही तरीके से घुल ही नहीं रही थी। इससे मरीज को आराम मिलना नामुमकिन था।

खांसी के सिरप में कम मिला सॉल्ट

एम्ब्रोक्सोल हाइड्रोक्लोराइड, टर्बुटालाइन व गुआइफेनेसिन सिरप के दो बैच फेल पाए हैं। ये सर्दी-खांसी के मौसम में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली दवा है। इसमें एम्ब्रोक्सोल की मात्रा निर्धारित मानक से काफी कम थी। जोड़ों के दर्द में दी जाने वाली एसेक्लोफेनाक व पैरासिटामोल (पीएएस) टैबलेट के रंग परीक्षण में गड़बड़ी मिली। इसमें प्रतिबंधित सनसेट येलो की मौजूदगी पाई गई।