गोरखपुर। मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद मरीजों की रोशनी जाने का मामला गरमाता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू की गई है। ऑपरेशन करने वाले निजी अस्पताल की ओटी को फिलहाल सीज कर दिया गया है। मामला प्राइवेट अस्पताल से जुड़ा है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र स्थित राजेश आई केयर में कैंप लगाया गया था। कैंप में मरीजों में 30 की आंखों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई। उनका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के 24 घंटे के अंदर ही 18 मरीजों की आंख में दिक्कत होने लगी। किसी की आंख में दर्द तो किसी की आंख में इंफेक्शन पाई गई।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों को सृजन हॉस्पिटल भेजा गया। इंफेक्शन के कारण 9 मरीजों के आंखों की रोशनी जाने का मामला सामने आया। इसकी जानकारी होते ही परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। जांच में पाया गया कि इनमें से 9 मरीजों के आंख की रोशनी चली गई है। 9 की आंखें इस तरह इफेक्टेड हो चुकी थी कि उन्हें निकालना पड़ा है। मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो हलचल मच गई।
फिलहाल राजेश आई हॉस्पिटल पूरी तरह बंद है। उसकी ओटी को सीज कर दिया गया है। इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।










