अलीगढ़ (उप्र)। कफ सीरप की तलाश में पांच मेडिकल स्टोरों पर दबिश दी गई। वहीं 18 दवा कारोबारियों को नोटिस थमाए गए हैं। नशे की लत का बड़ा स्रोत बने कोडिन युक्त कफ सीरप की अवैध बिक्री की आशंका में यह कार्रवाई की गई। ड्रग विभाग ने थोक दवा बाजार फफाला में 5 दुकानदारों के यहां छापा मारा। जिले के 18 बड़े दवा कारोबारियों को नोटिस भी थमाया है। फफाला बाजार में तीन घंटे तक चली इस जांच में कोडिन युक्त सीरप की खरीद-बिक्री से जुड़े सभी अभिलेख खंगाले गए। जांच पूरी होने के बाद सभी पांचों फर्मों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया।

पूर्वांचल के कई जिलों में कोडिन सीरप की बड़ी खेप मिलने पर शासन ने पूरे प्रदेश में सख्ती के आदेश दिए हैं। सरकार द्वारा इसे रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। कई फर्मों द्वारा कोडिन सीरप को सामान्य कफ सीरप की आड़ में बेचा जा रहा है।

ड्रग इंस्पेक्टर दीपक लोधी ने बताया कि इन 18 कारोबारियों से सीरप की बिक्री का पूरा रिकॉर्ड जमा करने को कहा है। पहले यह कारोबारी एक अन्य ब्रांड के नाम से कोडिन सीरप की खुली बिक्री करते थे। करीब दो साल पहले केंद्र सरकार ने सीरप पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद भी बाजार में अलग-अलग ब्रांड नामों से कोडिन युक्त सीरप की सप्लाई जारी रही। अब मिले रिकॉर्ड के आधार पर लाइसेंस निलंबन से लेकर आपराधिक मुकदमा तक की कार्रवाई होगी।चेतावनी दी है कि कोडिन सीरप की अवैध बिक्री करने वाले किसी भी दवा कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।