आगरा (उप्र)। प्राइवेट अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल हो गया। अस्पताल का संचालक मौके से फरार बताया गया है। मुड़ी चौराहा स्थित ओम नम शिवाय हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही। लेकिन ग्रामीण अस्पताल के बाहर देर रात तक डटे रहे।
यह है मामला
गढ़ी जस्सा चावली निवासी रमा को प्रसव पीड़ा होने पर मुड़ी चौराहा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह करीब 11 बजे रमा का ऑपरेशन किया गया। उसने एक बच्ची को जन्म दिया। इसी दौरान रमा की हालत बिगडऩे लगी। आरोप है कि डॉक्टर ने गंभीर हालत की जानकारी उन्हें नहीं दी। शाम करीब 4 बजे अस्पताल प्रबंधन प्रसूता को एंबुलेंस से आगरा ले जा रहा था।
रास्ते में टेढ़ी बगिया के पास परिजन को इसकी भनक लगी और उन्होंने एंबुलेंस को रोक लिया। तब तक रमा की मौत हो चुकी थी। इस पर परिजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान अस्पताल संचालक सत्यवीर सिंह और स्टाफ मौके से भाग निकला। ग्रामीणों की भीड़ देर शाम तक अस्पताल पर डटी रही। पुलिस हालात नियंत्रित करने में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल पर लोगों का विरोध जारी था।










