कोलकाता। प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यूपी पुलिस ने कोलकाता में तिलजला इलाके में यह कार्रवाई की। दोनों पर यूपी में प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई करने का आरोप है। आरोपियों के नाम प्रतीक मिश्रा और विशाल कुमार सोनकर बताये गये हैं। गिरफ्तार आरोपियों को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को तीन दिनों के लिए ट्रांजिट रिमांड पर यूपी ले जाने की अनुमति दे दी।
यह है मामला
जानकारी अनुसार आरोपियों ने यूपी के कई जिलों में नकली कफ सिरप और अन्य प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई की। आरोप है कि उन्होंने नकली डॉक्यूमेंट्स का उपयोग कर यह अवैध धंधा चलाया। इन नकली दवाओं के सेवन से कई जिलों में लोगों की मौत हुई।
उत्तर प्रदेश ड्रग कंट्रोल विभाग द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गयी। पता चला कि कोलकाता के रहने वाले प्रतीक मिश्रा और विशाल कुमार सोनकर इस धंधे के मुख्य सूत्रधार हैं। इसके बाद यूपी पुलिस ने कोलकाता में तिलजला इलाके में दबिश दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लाया गया है। फिलहाल आगमी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।










