मऊ। गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाने से बच्चे को ब्लड कैंसर होने का मामला सामने आया है। आरोपी दो डॉक्टरों पर FIR दर्ज करवाई गई है। डुमरांव निवासी बालक को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ाने पर कैंसर हो गया। इस मामले में दो चिकित्सकों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर नीतेश प्रताप सिंह द्वारा की जा रही है।
यह है मामला
थाना सरायलखंसी अंतर्गत डुमरांव निवासिनी शकुंतला देवी ने शिकायत दी थी। बताया कि उसके पोते अभिनव की तबीयत खराब हो गई थी। उसे बुनाई विद्यालय स्थित विवान चाइल्ड केयर यूनिट ले जाया गया। यहां के बाल रोग विशेषज्ञ डा. विवेक कुमार सिंह ने जांच की। यहां उपचार के दौरान खून की आवश्यकता होने पर सहादतपुरा स्थित शारदा नारायण हॉस्पिटल से खून मंगवाया गया था। आरोप है कि ब्लड बैंक द्वारा ‘o’ ग्रुप की जगह पर ‘B’ ग्रुप का ब्लड दे दिया गया। उसे डॉक्टर ने गलत तरीके से लापरवाही के साथ चढ़ा दिया गया।
इसके बाद उनके पोते की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। पोते को चार-पांच दिन तक भर्ती रखने के बाद कुछ दवा देकर डिस्चार्ज कर दिया गया था। दवा का कुछ असर उनके पोते पर नहीं हुआ। दोबारा तबीयत खराब होने पर पुन: बाल रोग विशेषज्ञ के यहां ले गई। चिकित्सक ने कहीं और दिखाने के लिए सलाह दी। वह अपने बीमार पोते को लेकर संजय गांधी आर्युविज्ञान संस्थान लखनऊ भर्ती कराई।
गलत ब्लड ग्रुप का ब्लड चढ़ाने पर हुआ कैंसर
यहां चिकित्सकों ने बताया कि गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ने के कारण उनके पोते को कैंसर हो गया है। ब्लड रिपोर्ट आने के बाद पोते की लगातार कीमोथैरिपी चल रही है। चिकित्सकों की लापरवाही के कारण गलत खून चढ़ाने से उनके पोते को ब्लड कैंसर हो गया है। शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं हुआ तो न्यायालय का सहारा लिया गया। न्यायालय के आदेश पर बाल रोग विशेषज्ञ विवेक कुमार सिंह व डॉक्टर संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया।





