कानपुर (उप्र)। जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का डांस वीडियो वायरल हुआ है। जिला महिला अस्पताल डफरिन (उर्सला) से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ, वार्ड आया और अन्य कर्मचारी फिल्मी गानों पर नाचते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ड्यूटी के दौरान का है। अब अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। कई लोगों ने इसे अस्पताल की लापरवाही बताया है।

हरकत में आया प्रशासन

वीडियो सामने आने के बाद जिला महिला अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला महिला चिकित्सालय डफरिन की प्रमुख अधीक्षक डॉ. रुचि जैन ने बताया कि यह वीडियो 25 जनवरी का है। गणतंत्र दिवस को लेकर स्टाफ और आया में काफी उत्साह था।

इसी दौरान उन्होंने डांस किया। वीडियो आशा बहू द्वारा बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्टाफ और आया को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां न करें। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि इस मामले में शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल प्रशासन को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।