कायमगंज (उप्र)। नकली कॉस्मेटिक्स उत्पाद बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। कायमगंज कस्बे में नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के नकली कॉस्मेटिक्स बेचने वाले बड़े नेटवर्क का पता चला। पुलिस और एक निजी जांच एजेंसी की संयुक्त टीम ने बाईपास रोड स्थित एक दुकान पर छापा मारा। मौके से भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किया। इस मामले में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह है मामला
मुंबई स्थित जांच एजेंसी ईआईपीआर इंडिया के जांच अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी। कायमगंज क्षेत्र में हिंदुस्तान यूनिलीवर, पिडिलाइट और आरबी जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के नकली उत्पाद बेचे जाने का पता चला। उन्होंने पुलिस से संपर्क कर एक टीम का गठन किया। टीम ने आफाक मार्केट के पास स्थित दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान में बड़ी मात्रा में नकली सामान बरामद हुआ।
इसमें प्रसिद्ध कंपनियों की क्रीम, काजल, हेयर रिमूवर और फेविक्विक के 2184 पीस सहित 73 अन्य उत्पाद जब्त किए। पुलिस ने मौके से मिले सभी सामान के सैंपल लेकर उन्हें सील कर दिया है। पकड़े गए दुकानदार की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस नकली सामान की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।










