तुलसीपुर (बलरामपुर), लखनऊ। कोडीन कफ सिरप की अवैध बिक्री में श्याम फार्मा संचालक को अरेस्ट किया। आरोपी वरुण लाठ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। दवा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। फर्जी बिलों का भी खुलासा हुआ है।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक ने दो मेडिकल स्टोर के संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद जांच अब आगे बढ़ी है। श्याम फार्मा के नाम से करीब 15 हजार बोतल कोडीन सिरप की बिक्री के बिल प्रस्तुत किए गए थे। जब संबंधित मूल बिल, स्टॉक रजिस्टर और खरीद-बिक्री के अभिलेख मांगे तो संचालक इन्हें नहीं दिखा सका। बार-बार नोटिस के बावजूद वास्तविक कागजात नहीं दिए गए। इस पर संचालक को गिरफ्तार किया गया।
अमन मेडिकल स्टोर और अशोक मेडिकल स्टोर ने दो दर्जन से अधिक लोगों के नाम पर बिक्री बिल प्रस्तुत किए हैं। इन बिलों की सत्यता की जांच पकी जा रही है। कुछ दुकानदारों ने दावा किया कि उनके नाम से फर्जी बिल बनाए गए हैं। उन्होंने इतनी बड़ी मात्रा में दवा की खरीद नहीं की। इससे अवैध नेटवर्क के संगठित होने की आशंका मजबूत हुई है।










