बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। कॉस्मेटिक शॉप पर छापेमारी कर नकली उत्पाद जब्त किए गए हैं। खाद्य एवं औषधि विभाग ने व्यापार विहार स्थित सागर ट्रेडर्स नामक कॉस्मेटिक दुकान पर जांच की। इस दौरान दुकान में रखे संदेह के आधार पर हेयर ऑयल के सैंपल जब्त किए हैं। इन्हें जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा है।
बाजार में कई ब्रांडेड कॉस्मेटिक उत्पादों के नकली सामान बिक रहे हैं। अक्सर ये उत्पाद देखने में बिल्कुल असली जैसे लगते हैं। इससे आम उपभोक्ता आसानी से धोखा खा जाता है। ऐसे में केवल लैब टेस्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाता है। अधिकारियों ने बताया कि रायपुर लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि उत्पाद नकली साबित हुए, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे कॉस्मेटिक और दवाइयाँ हमेशा अधिकृत दुकानों से ही खरीदें। किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी विभाग को दें।










