मेरठ (यूपी)। गोदाम पर रेड कर अवैध दवाओं का जखीरा बरामद किया है। ट्रांसपोर्ट नगर में बिना लाइसेंस दवाओं का कारोबार किया जा रहा था। ड्रग्स विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामारी की। मौके से 55 लाख की दवाइयां कब्जे में ली हैं।
इनमें कुछ दवाइयां प्रतिबंधित हैं। विदेशों तक सप्लाई की जा रही थी। एक हिस्सेदार को मौके से पकड़ लिया है। दूसरा हिस्सेदार सहारनपुर का रहने वाला है। ये पिछले कई सालों से दवाओं का धंधा कर रहे थे। प्रतिबंधित दवाओं की खेप दुबई तक भेजी जा रही थी।
यह है मामला
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सूचना पर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदाम में छापा मारा। गोदाम के अंदर से करीब 55 लाख कीमत की दवाईयां बरामद की हैं। कुछ दवाईयां प्रतिबंधित भी है। मौके से गोदाम के स्वामी तुषार गर्ग निवासी माधवुपरम ब्रह्मपुरी को भी गिरफ्तार किया। तुषार गर्ग का कहना है कि वह वहां पर नौकरी कर रहा था। उसने गोदाम का स्वामी सहारनपुर के ऋतिक कुमार को बताया है। जांच में सामने आया कि तुषार गर्ग और ऋतिक कुमार हिस्सेदारी में दवा का धंधा कर रहे थे।
उनके पास दवाइयों के खरीदने, बेचने और जमा करने का कोई लाइसेंस नहीं मिला है। यानि दवाईयों को पूरा कारोबारी अवैध तरीके से किया जा रहा था। आरोपित प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई पंजाब और जम्मू और दुबई तक कर रहे थे। शहर में भी कई मेडिकल स्टोरों पर उनकी सप्लाई जाती है। ऋतिक गोदाम के अलावा भी मेडिकल स्टोर चलाता है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी दवाओं को कब्जे में ले लिया है। आरोपित तुषार गर्ग को भी पुलिस थाने लेकर आ गई है। उससे दवाओं के कारोबार के बारे में सघन पूछताछ की जा रही है। अल्प्राजोलम, डायजेपाम, ट्रामाडोल, ब्यूप्रेनार्फिन, क्लोनाजेपाम समेत काफी दवाईयों की खेप बरामद की गई।










