पटना (बिहार)। गोदाम पर रेड कर नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया गया है। औषधि नियंत्रण प्रशासन की टीम ने नशीली दवाओं के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। करीब 19 लाख रुपये मूल्य के नशीले इंजेक्शन, कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गईं। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है। इस मामले में दो आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
यह है मामला
आशोचक चकरियापुर स्थित एक मकान में औचक छापेमारी की गई। मकान के निचले हिस्से में बने गोदाम की तलाशी ली गई। इस दौरान बड़ी मात्रा में कोडीन कफ सिरप, इंजेक्शन और अन्य दवाएं बरामद हुईं। दस्तावेजों में अनियमितता और फर्जी कागजात के उपयोग के संकेत मिले हैं। इस मामले में मकान मालिक अनिमेश और रोहित कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। गिरोह के तार अंतरराज्यीय स्तर तक जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने आधा दर्जन अन्य संदिग्धों की पहचान की है। उनकी तलाश में छापामारी जारी है।
आरोपितों ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे बड़ी मात्रा में कफ सिरप की आपूर्ति की। छापामारी टीम में ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, यशवंत झा, कयामुद्दीन अंसारी और स्वेता सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। पुलिस इस नेटवर्क के सरगना की गिरफ्तारी में जुटी है।










