जयपुर (राजस्थान)। गुणवत्ता जांच में चार दवाइयां अमानक पाई गई हैं। राजस्थान ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने यह ड्रग अलर्ट जारी किया है। विभाग ने संबंधित बैच की दवा बिक्री और वितरण पर तत्काल रोक लगा दी है।
ड्रग कंट्रोलर फस्र्ट अजय फाटक और ड्रग कंट्रोलर सेकंड मनोज धीर ने आदेश जारी किए हैं। बताया गया कि पिछले पखवाड़े के दौरान दवा के सैंपल लिए गए थे। लैब जांच में ये दवाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं। इसके बाद विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। सभी औषधि नियंत्रकों को संबंधित बैच की बिक्री और वितरण पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित दवा कंपनी के अन्य बैचों के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता जांच कराने को कहा है।
मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने स्पष्ट किया है कि दवा गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। दवा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।










