कांकेर (छत्तीसगढ़)। कापसी अस्पताल में तोडफ़ोड़ मामले में 14 आरोपी अरेस्ट किए गए हैं। जिले के कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल का यह मामला है। यहां हुई तोडफ़ोड़ और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ दुव्र्यवहार के मामले में पुलिस ने छह महीने बाद कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में एक साथ 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में घुसकर जमकर उत्पात मचाया था।
इस दौरान अस्पताल स्टाफ को बंधक बनाया गया। इसके साथ ही , सीसीटीवी कैमरे, एसी, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य सामानों में तोडफ़ोड़ की गई थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा और पत्थर भी बरामद किया है।
बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में मचाया था उत्पात
कापसी निवासी सुनील हलदार ने पखांजूर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि बच्चे की मौत पर आसपास के गांवों के कुछ लोग एकजुट होकर जबरन अस्पताल में घुस गए थे। आरोप है कि भीड़ ने अस्पताल स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अस्पताल परिसर में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। अचानक हुए इस हंगामे से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने को मजबूर हो गया। वहीं इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई।
सीसीटीवी से एसी और कंप्यूटर तक तोड़ डाले
आरोपियों ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे, दरवाजे, खिड़कियां और अन्य फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया था। इस घटना में अस्पताल को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। तोडफ़ोड़ के कारण अस्पताल की व्यवस्था भी प्रभावित हुई और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अस्पताल में जबरन घुसने, गाली-गलौज करने, धमकी देने और तोडफ़ोड़ में शामिल होने की बात स्वीकार की। घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया गया। इसके बाद 19 नवंबर को सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।





