उरुवा (गोरखपुर)। मेडिकल स्टोर संचालक के इंजेक्शन से बच्ची की मौत का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया। बच्ची की मां ने बांसगांव थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह है मामला

मसुरिया निवासी नौ वर्षीय दिव्या की तबियत खराब हो गई। उसकी मां शशिकला ने बताया कि बुखार और खांसी आने पर वह पास के गांव जौहराबाद स्थित एसएन मेडिकल स्टोर पर बच्ची को ले गई। वहां मौजूद संचालक को उन्होंने बीमारी के संबंध में बताया। संचालक ने दवा न देकर उनकी पुत्री को इंजेक्शन लगाया। वह बोले कुछ ही देर में सुधार होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

कुछ देर बाद उनकी पुत्री की हालत बिगडऩे लगी और मौत हो गई। उन्होंने घटना की सूचना देने के साथ संचालक से कारण पूछने की कोशिश की। संचालक जवाब दिए बिना मेडिकल स्टोर बंद कर फरार हो गया। एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि बांसगांव पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संचालक पर लगे आरोपों की जांच चल रही है। कानूनी कार्रवाई कर संचालक से पूछताछ की जाएगी।

वहीं प्रभारी चिकित्सक पीएचसी उरुवा डा. जेपी तिवारी ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक इंजेक्शन नहीं लगा सकता है। ऐसा हुआ है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्ची की मौत के संबंध में डिप्टी सीएमओ और सीएमओ को भी अवगत करा दिया है।