रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड)। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवा बेचने वाला गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से की। मेडिकल स्टोर पर 10 हजार से अधिक प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कफ सीरप बरामद हुआ। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी संचालक को जेल भेज दिया गया है।

यह है मामला

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि नशे का कारोबार करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। एसटीएफ व गदरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इंस्पेक्टर विकास चौधरी की अगुवाई में गदरपुर के कुमार मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। तलाशी में 9416 नशीले कैप्सूल, 1300 टेबलेट व 51 प्रतिबंधित कोडीन कफ सीरप बरामद किए। नशीली दवाएं बेचने के आरोप में मेडिकल स्टोर संचालक राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस और एसटीएफ ने आरोपी से कई घंटे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ शिकायत मिल रही थीं।