नई दिल्ली। जीवन रक्षक दवा इंसुलिन को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने राजधानी के होलसेल दवा बाजार में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 20 लाख रुपये से अधिक कीमत की इंसुलिन जब्त की है। जांच के दौरान कई दवा फर्में कोल्ड चेन स्टोरेज के नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं।
यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। टीम ने कुल छह होलसेल दवा फर्मों का निरीक्षण किया। इनमें से चार फर्में प्रावधानों का उल्लंघन करती मिलीं। जांच में ट्रेसिबा फ्लेक्सटच, ग्लैरिटस, ह्यूमलॉग मिक्स, एपिड्रा सोलोस्टार और टूजियो सोलोस्टार जैसी इंसुलिन की दवाएं मिलीं।
दवा खरीद का नहीं मिला रिकॉर्ड
कुछ दवाओं के लेबल से ‘इंस्टीट्यूशनल सप्लाई’ का निशान मिटाया गया था। वहीं कई फर्में इन दवाओं की वैध खरीद का रिकॉर्ड भी नहीं दिखा सकीं। दो फर्में इंसुलिन जैसी संवेदनशील दवाओं को सामान्य कमरे के तापमान पर स्टोर कर रही थीं। इन दवाओं को सख्त कोल्ड चेन में रखना अनिवार्य होता है। इस दौरान कुल 2104 यूनिट इंसुलिन जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 20 लाख 6 हजार 24 रुपये बताई गई है। इस मामले में दो फर्मों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जब्त दवाओं के सैंपल क्वालिटी टेस्टिंग के लिए लैब भेजे गए हैं।










