फिरोजाबाद (पंजाब)। दो जिमों पर रेड कर स्टेमिना बढ़ाने के 20 इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। ड्रग विभाग ने रैपुरा स्थित महादेव जीएस जिम और कोटला रोड स्थित गोल्डन जिम में रेड की। इन दोनों में स्टेमिना बढ़ाने के 10-10 इंजेक्शन बरामद हुए। टीम को संचालक जिम संचालन का लाइसेंस भी नहीं दिखा सके। दोनों जिम संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की गई है।
यह है मामला
ड्रग इंस्पेक्टर देशबंधु ने बताया कि रैपुरा स्थित महादेव जीएस जिम पर तलाशी ली गई। इस दौरान टीम को यहां 10 मैफेन्टरमाइन इंजेक्शन मिले। टीम ने तत्काल सभी इंजेक्शनों को कब्जे में ले लिया। उनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। इसके पश्चात टीम ने कोटला रोड स्थित गोल्डन जिम का निरीक्षण किया। यहां रखे गए विभिन्न सप्लीमेंट, दवाओं और पाउडर की बारीकी से जांच की गई। यहां भी स्टेमिना बढ़ाने के 10 इंजेक्शन बरामद हुए।
ड्रग विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य जिम संचालकों में भी खलबली मच गई। कई संचालक जिम बंद करके भाग गए। इंजेक्शन के सैंपल को लैब परीक्षण के लिए भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। ड्रग इंस्पेक्टर देशबंधु ने बताया कि शिकायत मिली थी कि कुछ जिमों में युवाओं को खतरनाक दवाओं का प्रलोभन दिया जा रहा है। मैफेन्टरमाइन इंजेक्शन का प्रयोग ब्लड प्रेशर बढ़ाने के लिए किया जाता है। इस इंजेक्शन को लगाने के बाद कसरत करने के दौरान थकावट महसूस नहीं होती।
शरीर में रक्त का संचार तेजी से होने लगता है। यह इंजेक्शन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं लेना चाहिए। इसके अधिक प्रयोग से किडनी, ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।










