बठिंडा (पंजाब)। ड्रग इंस्पेक्टर को एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है। विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा रेंज ने यह कार्रवाई की। श्री मुक्तसर साहिब में तैनात ड्रग इंस्पेक्टर रमनदीप गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शहर के माल रोड पर ट्रैप लगाकर की।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार रमनदीप गुप्ता पहले बठिंडा जिले में तैनात रह चुका है। करीब दो वर्षों से श्री मुक्तसर साहिब में ड्रग इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था। रेडिनेक्स लाइफ साइंसेज के मालिक रोमी बांसल ने शिकायत दी थी। बांसल ने विजिलेंस विभाग को बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है।
आरोपित फैक्ट्री को दोबारा सील करने की धमकी दे रहा था। इसके एवज में उससे दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसमें से एक लाख रुपये एडवांस के रूप में देने के लिए कहा था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने ट्रैप लगाने की योजना बनाई। ड्रग इंस्पेक्टर ने रोमी बांसल को फोन कर माल रोड स्थित एक दुकान के पास पैसे देने के लिए बुलाया। जैसे ही रोमी बांसल ने आरोपित को एक लाख दिए, विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। विजिलेंस टीम ने आरोपित की कार से रंग लगे नोट भी बरामद कर लिए। इन नोटों के नंबर पहले ही विजिलेंस टीम द्वारा दर्ज किए गए थे।
इनका मौके पर मिलान भी किया गया। हालांकि ड्रग इंस्पेक्टर ने दावा किया कि यह पैसे उसके नहीं हैं। उसे फंसाने के लिए उसकी कार में रख दिए गए हैं। उसका कहना था कि उसकी कार की खिडक़ी खुली हुई थी। विजिलेंस टीम ने बरामद नोटों के नंबरों का मिलान कर उसकी दलील को खारिज कर दिया। फिलहाल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।










