पटवाई (शाहबाद), यूपी। महिला की मौत में लापवाही मिलने पर अस्पताल सील करदिया गया । वहीं इसके संचालक पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
पित्त की थैली के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की कथित लापरवाही से मौत हो गई। यह घटना बाबादीप सिंह नगर स्थित एमएस दादू अस्पताल में हुई। यह अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था। महिला की मौत के बाद अस्पताल संचालक और स्टाफ फरार हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर संचालक सरफराज चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
ग्राम सूरजपुर निवासी जोगेंद्र सिंह की पत्नी रेखा को पित्त की थैली में पथरी थी। परिजन उन्हें लेकर एमएस दादू अस्पताल पहुंचे और यहां उन्हें भर्ती कर ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई। इससे रेखा की हालत बिगड़ गई। उनका रक्तचाप (बीपी) अनियंत्रित रूप से बढऩे लगा, जिसे नियंत्रित नहीं किया जा सका। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए।
परिजनों को रेखा की मौत की जानकारी मिली, तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस की सूचना के बाद, स्वास्थ्य विभाग की टीम आधी रात को अस्पताल पहुंची। एमएस दादू अस्पताल को सील कर दिया। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। अस्पताल का सीएमओ कार्यालय में कोई पंजीकरण नहीं था। इसी आधार पर अस्पताल को सील कर संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।










