सुपौल। प्रतिबंधित कफ सिरप विस्कॉरेक्स की तस्करी पकड़ी है। भपटियाही थाना पुलिस ने एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया।

यह है मामला

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कोसी महासेतु के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 8 लाख 88 हजार की कुल 5120 बोतल प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। बरामद सिरप की कुल मात्रा लगभग 512 लीटर बताई गई है।

वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान मनोरंजन राय के रूप में हुई है। आरोपी वैशाली जिले के राजापाकड़ दलालपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

इस मामले में भपटियाही थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि विस्कोरेक्स सिरप कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाने की योजना थी।