मुजफ्फरनगर । प्रतिबंधित नशीली दवा बेचने पर फार्मा संचालक को अरेस्ट किया गया है। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ हरियाणा की नार्कोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला परिषद मार्केट में अचानक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई से पूरी मार्केट में हडक़ंप मच गया। कई दवा व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। टीम ने मौके से नशीली दवाइयां बेचने के आरोप में ब्रज फार्मा के संचालक राहुल शर्मा को हिरासत में लिया है।
यह है मामला
हरियाणा में पकड़े गए तस्कर की निशानदेही पर नार्कोटिक्स विभाग की टीम जिला परिषद मार्किट में पहुंची। वहां ब्रज फार्मा के संचालक राहुल शर्मा को हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उन्होंने शामली में कुछ प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई की है। इसके अलावा पांच अन्य दवा व्यापारियों को भी संदिग्ध मानते हुए जांच तेज की है। टीम को संदेह है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं। ये प्रतिबंधित नशीली दवाओं को औषधि की आड़ में सप्लाई करते हैं। नार्कोटिक्स टीम संबंधित प्रतिष्ठानों के स्टॉक रजिस्टर और बिलों की भी बारीकी से जांच कर रही है।
इससे पहले भी जनपद के कई बड़े दवा कारोबारी नशीली दवा बेचने पर जेल जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि नार्कोटिक्स टीम व्यापारी को रिमांड पर लेकर जांच करेगी। स्थानीय औषधि निरीक्षक पवन शाक्य ने बताया कि शामली में दवा सप्लाई को लेकर कुछ संदिग्धता सामने आई है।










