महराजगंज। नशीली दवा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। नेपाल की नवलपरासी पुलिस ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हजारों एम्पुल नशीले इंजेक्शन व एक भारतीय नंबर की बाइक बरामद हुई है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग तस्करों में हडक़ंप मच गया है।

यह है मामला

जिला प्रहरी कार्यालय नवलपरासी बर्दघाट सुस्ता पश्चिम की टीम को सूचना मिली थी। पता चला कि सीमा पार से नशीली दवाओं की एक बड़ी खेप सप्लाई होने वाली है। विशेष टीम ने एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली। बाइक पर सुनील कुमार यादव, जितेंद्र जायसवाल सवार थे। उनकी तलाशी के दौरान भारी मात्रा में बुप्रेनॉर्फिन, डाइजिपाम जैसे प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।

पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने रामग्राम निवासी लक्कीचन्द्र केवट के घर पर छापेमारी की। वहां से भी पुलिस को नशीली दवाएं बरामद हुई। इस कार्रवाई में हजारों की संख्या में एम्पुल इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।