नई दिल्ली। हाई ब्लड प्रेशर के खात्मे की कारगर दवा ईजाद की गई है। यह दवा तुरंत असर दिखाएगी। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। मेडिकल की भाषा में इसे हाइपरटेंशन कहा जाता है। ब्लड प्रेशर लंबे समय तक ज्यादा रहे, तो इससे मौत का खतरा बढ़ जाता है। इसे काबू में करने के लिए डेवलप की गई नई दवा बैक्सड्रोस्टैट है। यह दवा मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बनकर आई है। इस दवा के काम करने का तरीका भी खास है।
बैक्सड्रोस्टैट शरीर में बनने वाले एक हार्मोन एल्डोस्टेरोन को कंट्रोल करती है। यह हार्मोन शरीर में नमक और पानी के संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है। इसकी मात्रा ज्यादा हो जाती है, तो शरीर में पानी और नमक जमा होने लगता है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। बैक्सड्रोस्टैट इस हार्मोन के उत्पादन को रोककर सीधे समस्या की जड़ पर प्रहार करती है। यह दवा लंबे समय तक सुरक्षित और प्रभावी भी पाई गई है। दुनिया भर में करीब 130 करोड़ लोग हाई ब्लड प्रेशर से प्रभावित हैं।
इनमें से बड़ी संख्या भारत और चीन में है। ऐसे में बैक्सड्रोस्टैट जैसी नई दवा भविष्य में करोड़ों लोगों के लिए राहत साबित हो सकती है। हालांकि अभी इस दवा का फेज 3 क्लीनिकल ट्रायल हुआ है। बाजार में आने से पहले इसे कई ट्रायल्स और मंजूरी की जरूरत होगी। यह दवा हाई ब्लड प्रेशर के इलाज में एक बड़ा बदलाव ला सकती है।










