रोहतक (हरियाणा)। मेडिकल स्टोरों पर इस हफ्ते दबिश दी जाएगी। ड्रग कंट्रोलर ने शहर में अलर्ट जारी किया है। बताया है कि बाजार में मिल रही कुछ दवाएं मरीजों की जान के लिए जोखिम बन सकती हैं। इसे लेकर विभाग पूरे हफ्ते मेडिकल स्टोर खंगालेगा। खास तौर पर शुगर के इलाज में इस्तेमाल होने वाले मोनजेरो इंजेक्शन को लेकर।
विभाग के अनुसार गुरुग्राम में नकली इंजेक्शन की खेप पकड़े जाने के बाद अब रोहतक में भी सख्ती बढ़ा दी गई है। ड्रग कंट्रोल विभाग ने डॉक्टरों, मेडिकल स्टोर संचालकों और दवा सप्लायर्स को संदिग्ध बैच नंबर साझा किए हैं। निर्देश दिए हैं कि इनका इस्तेमाल न किया जाए। शहर में जल्द ही बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। नकली दवाओं के नेटवर्क को तोडऩे के लिए विशेष टीम तैयार की जा रही है।
दवा मोनजेरो की बढ़ी मांग
मोनजेरो इंजेक्शन की मांग देश में तेजी से बढ़ रही है। यह दवा शुगर को नियंत्रित करने के साथ-साथ भूख को भी कम करती है। इसी वजह से अब कई लोग इसे वजन घटाने के लिए भी इस्तेमाल करने लगे हैं। यह स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। इसका फायदा उठाकर नकली दवाओं का कारोबार करने वाले सक्रिय हो गए हैं। असली जैसी पैकिंग में नकली इंजेक्शन बाजार में पहुंचाए जा रहे हैं।
ऑनलाइन दवा खरीदते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। कई मामलों में नकली दवाओं पर फर्जी लेबल के जरिए लोगों को ठगा जा रहा है। नकली दवाएं मरीज की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. मनदीप मान के अनुसार रोहतक में नकली दवाओं के नेटवर्क रडार पर है। सभी डॉक्टरों को अलर्ट जारी किया गया है। जल्द ही छापेमारी कर इस अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










