बस्ती (उप्र)। निजी अस्पताल में महिला की मौत पर बवाल करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। खुजली की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची महिला की इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ गई। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल का घेराव कर हंगामा किया।

यह है मामला

लोहदर गांव निवासी रोशनी को अचानक शरीर में तेज खुजली होने लगी। पति अनिल चौधरी उन्हें बाइक से हरिओम पेट्रोल पंप के पास निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने रोशनी को दो-तीन इंजेक्शन लगाए। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद ही उनकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद मुंह से झाग निकलने लगा।
कर्मचारियों ने तत्काल महिला को बस्ती ले जाने की सलाह दी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि एम्बुलेंस मांगने के बावजूद कोई व्यवस्था नहीं की। महिला को जबरन मोटरसाइकिल पर भेज दिया। अनिल पत्नी को लेकर बस्ती जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रोशनी की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। उन्होंंने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इस दौरान अस्पताल के कुछ कर्मचारी मौके से फरार हो गए। एक कर्मचारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अस्पताल पर एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।