सोलन (हिमाचल प्रदेश)। फूड लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाएं बनाने का आरोपी जेल भेजा गया है। बद्दी में नशीली दवाओं के मामले में दवा कंपनी संचालक को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कंपनी के संचालक कानपुर निवासी अंकित के पास केवल फूड लाइसेंस था। वह नशीली दवाओं के साथ अन्य दवाओं का भी निर्माण कर रहा था। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए यूपी के शिव पूजन प्रजापति व अनुराग शुक्ला भी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं।

यह है मामला

ड्रग विभाग ने बद्दी के सालासर कांप्लेक्स में नशे की 2,23.084 गोलियां पकड़ी थीं। पुलिस ने इस मामले में यूपी के शिव पूजन प्रजापति व कानपुर के अनुराग शुक्ला को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों ने फूड लाइसेंस की कंपनी पर नशीली दवाओं का निर्माण करने की बात कही। इस पर पुलिस ने बद्दी के कंपनी के संचालक को गिरफ्तार कर लिया। इस कंपनी में फूड का सामान बनाने का लाइसेंस था। यह कंपनी नशीली दवाओं के साथ अन्य दवाओं को भी निर्माण कर रही थी। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने कंपनी संचालक को न्यायिक हिरासत भेजने की पुष्टि की।