रुड़की (उत्तराखंड)। नकली दवा फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। ब्रांडेड दवाइयों के नाम पर तैयार हो रही नकली दवाओं की हकीकत सामने आई है। रुड़की क्षेत्र में एसटीएफ की टीम ने यह कार्रवाई की।
जांच के दौरान फैक्ट्री के बाहर सीवरेज का पानी बह रहा था। अंदर बिना किसी मेडिकल ट्रेनिंग वाले 8वीं व 10वीं पास युवक दवाइयां बना रहे थे। कर्मचारियों ने न ग्लव्स पहने थे, न मास्क। मौके पर न ही कोई सुरक्षा उपकरण थे। आरोपित नामी कंपनियों की कापी तैयार कर रहे थे। आम ग्राहक के लिए असली और नकली दवा में फर्क करना लगभग नामुमकिन था।
जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री में तैयार दवाइयों की कोई लैब टेस्टिंग या क्वालिटी जांच नहीं होती थी। घटिया सामग्री से तैयार टैबलेट्स को ब्रांडेड दवाओं की पैकिंग में भरकर सप्लाई किया जा रहा था। कई दवा विक्रेता भी इन्हें कम कीमत में खरीदकर बाजार में असली एमआरपी पर बेच रहे थे। मुनाफा कमाने के चक्कर में आमजन की जिंदगी से खिलवाड़ करने में केमिस्ट भी पीछे नहीं हैं। ड्रग विभाग ने फैक्ट्री से बरामद दवाइयों के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे हैं।










