भारतपुर (राजस्थान)। मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री का खेल चल रहा है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने डीग जिले के सीकरी कस्बे में संचालित मेडिकल स्टोर पर रेड की। मौके से नशीली दवाओं के कारोबार का मामला पकड़ा है। करीब 15.19 लाख की प्रतिबंधित 413 गोलियां और 8 कफ सिरप जब्त किए। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है। औषधि नियंत्रण अधिकारी ने जब्त दवा का सैंपल लेने की कार्रवाई की है।
यह है मामला
औषधि नियंत्रक विभाग की सूचना पर पुलिस ने डाबक रोड स्थित जारा मेडिकल स्टोर पर रेड की। औषधि नियंत्रण अधिकारी सीमा मीना ने बताया कि संचालक मुकीम खान निवासी सीकरी से स्टॉक, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड मांगा। वह प्रतिबंधित दवाओं के वैध खरीद दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में दुकान पर ट्रामाडोल, लोराजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं मिलीं।
यह एनडीपीएस श्रेणी में आती हैं। पुलिस ने मौके से 413 प्रतिबंधित कैप्सूल और टैबलेट तथा 8 बोतल कोडीन युक्त सिरप जब्त किए। जब्त दवाओं का कुल बाजार मूल्य करीब 15.19 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दवाओं को जब्त कर सील किया। इसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।










